हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं प्रवेश के लिए रविवार को आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में 425 छात्र उपस्थित रहे, जबकि 38 प्रतिभागी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर अरुण सोनकर ने बताया कि आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत सोनाखान में संचालित विद्यालय के शिक्षा सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए पंडित चक्रपाणि शुक्ल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केन्द्र बनाया गया था।

उन्होंने बताया कि परीक्षा हेतु कुल 463 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। परीक्षा के दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सूरज दास मानिकपुरी सहित अन्य अधिकारियों ने केन्द्र का निरीक्षण किया। परीक्षा केन्द्र में प्रकाश, पेयजल एवं बैठक व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल सामग्री नहीं पाई गई और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।











