हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में एक चीतल मृत अवस्था में पाए जाने का मामला सामने आया है, जिसकी जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि उसका शिकार किसी हिंसक वन्यप्राणी द्वारा किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम रामपुर परिसर के कक्ष क्रमांक 108 टेडवा नाला के पास वन गश्त के दौरान परिसर रक्षी धनेश्वर ध्रुव को एक चीतल मृत अवस्था में मिला। मौके पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि चीतल के पिछले हिस्से को किसी हिंसक जानवर द्वारा खाया गया था। हालांकि, मृत चीतल के सींग, खाल सहित अन्य अंग मौके पर ही सुरक्षित पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह घटना किसी शिकारी द्वारा नहीं बल्कि प्राकृतिक रूप से वन्यप्राणी के शिकार का मामला है।
घटना की सूचना तत्काल बारनवापारा परिक्षेत्र कार्यालय को दी गई, जिसके बाद सहायक परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देश पर मौके पर ट्रैप कैमरा भी लगाया गया है, ताकि संबंधित वन्यप्राणी की पहचान की जा सके।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभयारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त की जा रही है। मोबाइल ऐप के माध्यम से निगरानी के साथ-साथ रात्रि में भी टीम बनाकर पेट्रोलिंग की जाती है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग कैंप, वॉच टावर, हाईटेक बैरियर और सुरक्षा श्रमिकों की तैनाती की गई है।
वन विभाग ने अपील की है कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।












