हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। शहर में गाली-गलौज से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेहरू नगर बलौदाबाजार निवासी प्रार्थी यशराज साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 मार्च 2026 को आरोपी रमेश साहू उसके बड़े पिता और भाई को अश्लील गाली-गलौज कर रहा था। प्रार्थी ने बीच-बचाव कर आरोपी को समझाकर घर भेज दिया था।
कुछ समय बाद रात करीब 12:30 बजे आरोपी रमेश साहू फिर वापस आया और प्रार्थी को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसने चाकू से प्रार्थी के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले से बचने के दौरान प्रार्थी के हाथ में गंभीर चोट लग गई।
मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 109, 296, 351(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश साहू (32 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 11 सुभाष चौक बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने गाली-गलौज करने से मना करने पर आवेश में आकर चाकू से हमला करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को 13 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।











