हेमंत बघेल
भाटापारा। शहर के मेहता नगर इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने सुबह टहलने के दौरान शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भाटापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान सोनू गायकवाड़ ग्राम पेंडरी भट भैरा थाना सुहेला निवासी होना पाया गया है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा की जानी बाकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।











