हेमंत बघेल
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़–कापू मुख्य मार्ग पर कापू के मडवा तालघाट के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 35 लोग सवार थे। हादसा रात में होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा किया गया।
दो की मौत, कई घायल
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
करीब 12 घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है**, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।**
वहीं, 8 सामान्य रूप से घायल लोगों का इलाज धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल में जारी है। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है।
खतरनाक बन चुका है यह मार्ग
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर बीते एक वर्ष में एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन रहा मुस्तैद
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। धरमजयगढ़ एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, मेडिकल स्टाफ और पुलिस टीम ने समन्वय के साथ राहत कार्य को अंजाम दिया। सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला।
हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी सूक्ष्म जांच के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम जुट गई है।











