हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के एक मामले में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 298 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी योगेश कुमार देवांगन, निवासी भोजपुर, थाना चांपा ने 15 मार्च 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा आयोजित भागवत कथा के दौरान भोजपुर स्थित समलाई मंदिर के प्रवेश द्वार के सामने मुख्य मार्ग किनारे एक फ्लेक्स बैनर लगाया गया था।
घटना के दिन कलश यात्रा के दौरान जब श्रद्धालु हसदेव नदी से जल भरकर लौट रहे थे, उसी समय आरोपी राजेश वाल्टर ने उक्त फ्लेक्स बैनर को फाड़ दिया, जिससे हिंदू धर्म की आस्था को ठेस पहुंची।
रिपोर्ट के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी राजेश वाल्टर (71 वर्ष), निवासी मिशन फाटक रोड, भोजपुर चांपा ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।












