हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में एक बार फिर प्रशासनिक बदलाव हुआ है। नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन के साथ ही जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीदें जाग उठी हैं।

इससे पहले जिले की कमान दीपक सोनी के हाथों में थी। उनके कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक पहलों को गति देने का प्रयास किया गया। अब नए कलेक्टर कुलदीप शर्मा के सामने जिले के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने, लंबित मामलों के निराकरण और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
जिले में इन दिनों अमृत सरोवर, सड़क निर्माण, राजस्व प्रकरणों के निराकरण और जनसुनवाई जैसे मुद्दे चर्चा में हैं। ऐसे में लोगों की नजर अब नए कलेक्टर की कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर टिकी हुई है।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि कुलदीप शर्मा सख्त और सक्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। यदि यही रफ्तार बलौदा बाजार में भी दिखी तो निश्चित ही विकास कार्यों में तेजी देखने को मिल सकती है।
अब देखना होगा कि नए कलेक्टर के नेतृत्व में जिला प्रशासन किस दिशा में कदम बढ़ाता है और आम जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरता है।











