गोवर्धन यदु
तिल्दा नेवरा। क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को लेकर सियासत तेज हो गई है। योजना का नाम बदले जाने और उसमें किए गए बदलावों के विरोध में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू कर दिया है।

तिल्दा ब्लॉक के ग्राम पंचायत निनवा और किरना में ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष बलदाऊ साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा बचाव संग्राम के तहत एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने में जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, समन्वयक रतनचंद निषाद, भरत वर्मा, सरपंच गोविंद सारंग, जनार्दन वर्मा, भगवती सिरमौर, पूर्व सरपंच नूतन साहू, मंडल अध्यक्ष पूनाराम वर्मा, टिकेश्वर धुरंधर, सेक्टर प्रभारी ताराचंद वर्मा, भूषण वर्मा, संजू साहू, जगदीश साहू, रामशरण नायक, लखन वर्मा, तरुण वर्मा, बलदाऊ यादव, दिनेश साहू, अजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीण जनता से धोखे का आरोप
धरना-प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष बलदाऊ साहू ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजना का नाम बदलना ग्रामीण जनता के साथ धोखे जैसा है। उनका कहना था कि सरकार नाम बदलकर लोगों को भ्रमित कर रही है, जबकि असली मुद्दा मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी दिलाना है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि योजना से जुड़े बदलाव वापस नहीं लिए गए और मजदूरों को नियमित रोजगार व भुगतान सुनिश्चित नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।











