हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। सिटी कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी मैसेज भेजकर प्रार्थी के बैंक खाते से ₹3,74,000 की रकम पार कर दी थी।

प्रार्थी महेंद्र कुमार त्रिपाठी, निवासी संजय कॉलोनी बलौदाबाजार, ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 12 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर एक संदिग्ध मैसेज आया, जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया। इसके बाद 14 दिसंबर 2025 को पुनः एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें “डियर कस्टमर, इस योर वन टाइम पासवर्ड, प्लीज एंटर एंड प्रोसीड, थैंक यू – टीम जिओ फाइनेंस” लिखा था।
कुछ ही देर बाद उनके भारतीय स्टेट बैंक गार्डन चौक शाखा, बलौदाबाजार स्थित खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल ₹3,74,000 निकल जाने का मैसेज मिला। अज्ञात व्यक्ति द्वारा ओटीपी संबंधी मैसेज भेजकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया।

रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर कार्रवाई की।
जांच के दौरान आरोपी शौविक राजवंशी (22 वर्ष), निवासी ग्राम सोदपुर, इंदिरा नगर वार्ड क्रमांक 112, थाना खोरदा, जिला नार्थ 24 परगना, कोलकाता, पश्चिम बंगाल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मैसेज भेजकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि ठगी की रकम उसके बंधन बैंक स्थित खाते में जमा होती थी, जिसके एवज में उसे कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील:
अज्ञात लिंक या ओटीपी संबंधी मैसेज पर प्रतिक्रिया न दें और किसी के साथ अपना ओटीपी साझा न करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन पर दें।











