हेमंत बघेल
कसडोल। ग्राम डाढाखार में हुए हत्या के मामले में कसडोल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक वर्ष पुराने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल 2025 को ग्राम डाढाखार निवासी इतवारी राम पैकरा (55 वर्ष) को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 8 अप्रैल 2025 को उनकी मौत हो गई थी। मर्ग जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतक के सिर पर किसी ठोस वस्तु से घातक वार किया गया था। इसके बाद थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर नरेश पैकरा (42 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि पंच चुनाव के दौरान वोट नहीं देने और पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने मृतक से विवाद किया था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से मृतक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया और बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि घटना के समय आसपास मौजूद लोगों को आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी नहीं दी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है। आरोपी को आज 14 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
आरोपी: नरेश पैकरा, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम डाढाखार थाना कसडोल।











