बागबाहरा। महासमुंद जिले के जनपद पंचायत बागबाहरा द्वारा जरूरतमंदों और असहायों की सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम भालूचुंवा निवासी निशक्तजन मनेसर जोईधा गोंड को ट्राइसायकल प्रदान किया गया।

जनपद पंचायत के युवा उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार ने बताया कि ब्लॉक के सभी जनपद सदस्यों और ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि कोई भी दिव्यांगजन शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए वृद्धा पेंशन, निशक्त उपकरण तथा दिव्यांग स्कूली बच्चों को आदिम जाति एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी उद्देश्य के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति मधुलिका गणेश चंद्राकर की पहल पर उनके निर्वाचन क्षेत्र के निशक्तजन मनेसर जोईधा गोंड को ग्राम सरपंच अंजोर सिंह ध्रुव के सहयोग से जनपद पंचायत बागबाहरा लाया गया, जहां जनपद उपाध्यक्ष एवं सभापति प्रतिनिधि गणेश चंद्राकर के हाथों उन्हें ट्राइसायकल प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष द्वारा संबंधित अधिकारियों को कृत्रिम अंग के लिए आवेदन लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में सभापति प्रतिनिधि गणेश चंद्राकर, सरपंच अंजोर सिंह ध्रुव तथा समाज कल्याण विभाग से जी.आर. बरिहा उपस्थित रहे।











