हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दहेज प्रताड़ना के आरोप में सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नवविवाहिता ने 11 फरवरी 2026 की रात अपने घर में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना पर थाना शिवरीनारायण में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के साथ मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने बताया कि मृतिका की शादी 16 अप्रैल 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से धर्मेन्द्र निर्मलकर के साथ हुई थी। शादी के लगभग दो माह बाद से ही पति धर्मेन्द्र निर्मलकर, सास शिव कुमारी निर्मलकर, देवर मनोज निर्मलकर तथा मौसी सास तेरस बाई निर्मलकर द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल नहीं लाने की बात कहकर उसे लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के बयान और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करना सामने आने पर पुलिस ने पति धर्मेन्द्र निर्मलकर (30 वर्ष), सास शिव कुमारी निर्मलकर (48 वर्ष), देवर मनोज निर्मलकर (27 वर्ष) निवासी राहौद तथा मौसी सास तेरस बाई निर्मलकर (37 वर्ष) निवासी खोखरी थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस पूरी कार्रवाई में सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, एएसआई रामप्रसाद बघेल, आरक्षक विवेक ठाकुर, नितिन द्विवेदी, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले तथा महिला आरक्षक अंजिमा बंजारे का सराहनीय योगदान रहा।











