हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ वन विभाग ने अवैध सागौन कटान और चिरान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिरान लकड़ी और उससे निर्मित फर्नीचर जब्त किया है। यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देश पर की गई।

जानकारी के अनुसार, अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेली और सुकली से अवैध सागौन लकड़ी के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जा रही थी तथा मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचनाएं जुटाई जा रही थीं।

पुख्ता सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने दोनों गांवों में सघन दबिश और तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से चिरान की गई सागौन लकड़ी और उससे तैयार फर्नीचर बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। ग्राम सुकली में भी तलाशी की कार्रवाई की गई है और प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी गुलशन साहू, डब्बू साहू, सुश्री मीनाक्षी साहू, रुपेश्वरी दीवान सहित वन विभाग के कर्मचारी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











