हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। एक भारत श्रेष्ठ भारत (Cultural Exchange Between State Police Force) कार्यक्रम के अंतर्गत गुजरात से आए पुलिस जवानों का जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान अतिथि पुलिस कर्मियों को जिले के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक विशेषताओं से अवगत कराया जा सके।

भ्रमण के दौरान गुजरात पुलिस के जवानों को क्रोकोडायल पार्क कोटमीसोनार, प्रकाश इंडस्ट्रीज चांपा, प्राचीन मंदिर शिवरीनारायण खरौद, पुलिस कार्यालय जांजगीर एवं थाना चांपा का दौरा कराया गया। साथ ही उन्हें क्षेत्र के प्रसिद्ध कोसा एवं कंचन वस्त्रों के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य गुजरात और छत्तीसगढ़ पुलिस बलों के बीच आपसी समझ, सहयोग और समन्वय को मजबूत करना है। इस पहल के माध्यम से दोनों राज्यों के पुलिस कर्मियों को एक-दूसरे की संस्कृति, सभ्यता, कार्यप्रणाली और भौगोलिक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला।

गुजरात से आए पुलिस जवानों ने इस यात्रा को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से पुलिस बलों के बीच संबंध और अधिक सुदृढ़ होते हैं तथा भविष्य में बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलती है।












