हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम रोगदा में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए महिला सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं इस घटना में 3 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 की रात करीब 8:15 बजे आरोपीगण प्रार्थी प्रकाश नोरगे के घर में घुसकर गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। इस दौरान आरोपी विनोद कुमार नोरगे ने लाठी से प्रार्थी के सिर, हाथ और पैरों पर हमला किया। प्रार्थी की पत्नी जब बाहर आईं तो अन्य आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना के दौरान प्रार्थी के तीन पुत्रों—अभिषेक, सुमित और अमित—पर भी लाठी से हमला किया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थी की बेटी को घसीटते हुए घर से बाहर निकाल दिया। इस पूरी घटना में कई अन्य आरोपी भी शामिल रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। घटना में प्रयुक्त लाठी और बेल्ट को जप्त किया गया तथा गवाहों के बयान दर्ज किए गए। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।












