खिलावन मीरी
बलौदाबाजार। जिले से जंगलों की अवैध कटाई का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कूप कटिंग के नाम पर सागौन के हरे-भरे पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटाई की जा रही है। मामला वन परिक्षेत्र देवपुर रेंज के कक्ष क्रमांक 281 का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक देवपुर रेंज अंतर्गत क्षेत्र में निर्धारित नियमों की आड़ लेकर सागौन के पेड़ों को गिराया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हरे पेड़ों की कटाई खुलेआम की जा रही है, जबकि इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में परिक्षेत्र अधिकारी और वन बीट कर्मचारी की मिलीभगत से अवैध कटाई का खेल संचालित हो रहा है। लगातार पेड़ों की कटाई से वन क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता पर भी खतरा मंडराने लगा है।

यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह वन संरक्षण कानूनों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।











