हेमंत बघेल
कसडोल। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को कसडोल पहुंचे, जहां उन्होंने हरदिहा मरार पटेल समाज के भवन लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर पटेल समाज के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र पटेल, कसडोल विधायक संदीप साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शाकम्बरी माता के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद मरार पटेल समाज भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत “अरपा पैरी के धार” के साथ हुआ। इस दौरान कसडोल परिक्षेत्र के मरार पटेल समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जब उनकी सरकार छत्तीसगढ़ में थी, तब समाज भवन के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। उन्होंने भवन के लोकार्पण पर समाज के सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मरार पटेल समाज परंपरागत रूप से सब्जी उत्पादन से जुड़ा हुआ समाज है और प्रदेश की कृषि व्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में कुछ लोग अफीम की खेती कर छत्तीसगढ़ को नशे की ओर ले जाने का काम कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान पटेल समाज के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का साल-श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में समाज के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।











