हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। दिन-दहाड़े 2.5 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट एवं उठाईगिरी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक यादव (36 वर्ष) एवं अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28 वर्ष), निवासी नया टोला जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। मामले के मुख्य साजिशकर्ता सहित दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को ग्राम धरदेई निवासी प्रार्थी पामगढ़ स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 2.5 लाख रुपये निकालकर अपने घर लौट रहा था। आरोपियों ने मोटरसाइकिल से पीछा करते हुए धरदेई पहुंचने पर मौका पाकर रकम लूट ली और फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 61/2026 धारा 309(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल से लेकर जांजगीर से बिलासपुर तक लगभग 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों के बिहार राज्य से संबंध होने की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड स्थित एक लॉज में आरोपियों के ठहरने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर दबिश दी और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम धरदेई की लूट सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों—अंबिकापुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं कोरबा—में लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों से 10,500 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल (फर्जी नंबर प्लेट सहित), चार फर्जी आधार कार्ड, तीन कीपैड मोबाइल फोन तथा केंवाच पाउडर (खुजली) जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले बुजुर्गों एवं महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी बैंक से ही पीछा कर सुनसान जगह पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बड़ी रकम निकालते समय सतर्क रहें, अनजान लोगों को जानकारी न दें तथा संभव हो तो डिजिटल माध्यम से लेन-देन करें।











