हेमंत बघेल
पलारी। थाना पलारी क्षेत्र में दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 25.02.2026 को एक महिला ने थाना पलारी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 24.02.2026 की रात पति से विवाद होने के बाद वह नाराज़ होकर घर से निकल गई थी। ग्राम पारसाभदेर जाने के लिए सहायता मांगने पर ग्राम लकड़िया निवासी 53 वर्षीय रविन्द्र भारद्वाज ने मदद का आश्वासन दिया।
आरोप है कि रास्ते में सुनसान स्थान का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किया तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 64(2) एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस द्वारा पीड़िता एवं आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रविन्द्र भारद्वाज को 25.02.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।











