हेमंत बघेल
कसडोल। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दर्रा स्थित पत्थर खदान में एक युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चमन केवट (19 वर्ष) पिता कायलु केवट, निवासी ग्राम चांटीपाली के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार चमन केवट आज सुबह करीब 8 बजे अपनी बाइक से दर्रा के पत्थर खदान में नहाने के लिए गया था, लेकिन देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उसका भाई संतोष केवट उसे खोजने के लिए निकला।
खोजबीन के दौरान पत्थर खदान के पास चमन की बाइक और चप्पल पड़े हुए मिले। इसके बाद संतोष ने तालाब में तलाश की, जहां पानी में उसका शव मिला। बताया जा रहा है कि मृतक के पैर में रस्सी बंधी हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच ने इसकी सूचना कसडोल पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या है या हादसा। पुलिस जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।











