हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में “टीम शक्ति” द्वारा जिले में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की श्रृंखला के अंतर्गत आज दिनांक 17.02.2026 को शासकीय बृजलाल वर्मा महाविद्यालय पलारी एवं स्वामी आत्मानंद स्कूल पलारी में छात्रों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान “टीम शक्ति” द्वारा सेल्फ डिफेंस, महिलाओ पर होने वाले अपराध एवं मोबाइल से सम्बन्धित होने वाले अपराध एवं उनकी रोकथाम तथा महिलाओ एवं बालिकाओ पर होने वाले लैंगिक शोषण के बचाव एवं कारण से संबंधित तथा सायबर अपराधों से बचाव हेतू महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। इस दौरान टीम शक्ति द्वारा किसी भी विपरीत परिस्थिति का डटकर सामना करने के बारे में बताया गया। साथ ही आत्मरक्षा के उपाय बताए गए।

टीम शक्ति द्वारा छात्रों को पुलिस कंट्रोल रूम एवं समाधान सेल का मोबाइल नंबर देकर यह विश्वास दिलाया कि किसी भी समस्या के समय वे उनसे एवं पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। टीम शक्ति द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।

इस दौरान टीम शक्ति द्वारा छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाया गया और उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना सिखाया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने बताया कि आज की डिजिटल दुनिया में लोग अक्सर ऑनलाइन गेम, सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग करते हैं, जहां कई तरह के जोखिम मौजूद हैं।
उन्होंने छात्रों को फर्जी लिंक, अंजान नंबर, ओटीपी धोखाधड़ी, गलत मैसेज, फोटो दुरुपयोग, साइबर बुलिंग जैसी गतिविधियों से बचने के तरीके समझाए। साथ ही यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि तुरंत माता-पिता और पुलिस को बतानी चाहिए।
छात्रों को नशे और अत्यधिक मोबाइल उपयोग जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग आजकल नकारात्मक चीजों से जल्दी प्रभावित होते हैं, इसलिए उन्हें आत्मनियंत्रण और सही-गलत का विचार करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी समझाया कि नियम और कानून सभी के लिए समान हैं और सभी अपराधों के लिए दंड प्रावधान मौजूद हैं।
नशा मुक्ति को लेकर बताया गया कि नशा शारीरिक समस्याओं के साथ ही आर्थिक और सामाजिक स्तर पर भी नुकसान का कारण बनता है। टीम शक्ति द्वारा छात्रों को नशा नहीं करने का संकल्प व इसके दुष्प्रभाव के बारे में भी अवगत कराते हुये अन्य कानूनी जानकारियां दी गई।











