हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। पलारी थाना पुलिस ने युवती को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने के गंभीर मामले में आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती को उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर लगातार
प्रताड़ित कर रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका को आरोपी गुलशन कश्यप (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम दहेली, थाना रेउना, जिला कानपुर नगर (उ.प्र.) द्वारा मोबाइल के माध्यम से बार-बार धमकाया जाता था। आरोपी ने युवती से फोन-पे के जरिए करीब 60 हजार रुपए भी ले लिए थे और इसके बाद भी लगातार अधिक पैसे की मांग करते हुए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
आरोपी की धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 17 अप्रैल 2025 को चूहे मारने की दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां 22 अप्रैल 2025 को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पंचनामा, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने कहा है कि इस तरह के साइबर उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।












