हेमंत बघेल
पलारी। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीला में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 27 वर्षीय विवाहिता का जला हुआ शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम टीला निवासी हमराह डोमार साहू (पिता दरश साहू) ने थाना पलारी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 21 मार्च 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे वे ग्राम टोहड़ा अपनी बहन सुनीता टंडन को उनके ससुराल छोड़ने गए थे। उस समय उनकी पत्नी डिलेश्वरी कुर्रे और बच्चे घर पर मौजूद थे, जबकि उनके माता-पिता ग्राम सीतापार में एक कार्यक्रम में गए हुए थे।
दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच जब वे घर लौटे तो उनकी पत्नी घर पर नहीं मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान गांव के लोगों से सूचना मिली कि गंगाअमली तालाब के पास खेत में एक महिला का जला हुआ शव पड़ा हुआ है।
संदेह होने पर डोमार साहू मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी डिलेश्वरी कुर्रे (उम्र 27 वर्ष) को जली हुई अवस्था में मृत पाया। घटना की जानकारी तत्काल ग्रामीणों के साथ थाना पलारी पहुंचकर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कार्यवाही शुरू कर दी है तथा मामले की सूचना एसडीएम पलारी को भी भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। मृतका की मौत आत्महत्या है या फिर कोई आपराधिक घटना, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें












