हेमंत बघेल
सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट चन्दरपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका चार वर्षीय मासूम बच्चा शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार ने रात में कमरे के अंदर पत्थर कोयला जलाकर ठंड से बचने के लिए सोया था। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में कोयला जलाया गया था, वहां न तो खिड़की थी और न ही रोशनदान। कमरे में धुआं भरने से दम घुटने के कारण तीनों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कवल सिंह, 25 वर्षीय कुंती और उनके 4 वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है। सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शंका हुई। दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।











