हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। हथबंद थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मुड़पार निवासी काशीराम साहू (60 वर्ष) अपनी पत्नी विमला साहू (58 वर्ष) को रेलवे स्टेशन हथबंद से मोटरसाइकिल में बैठाकर वापस गांव लौट रहे थे।

सायं लगभग 6:30 बजे जब वे ग्राम उड़ेला के प्रवेशद्वार के पास पहुंचे, तभी सड़क पर बने ब्रेकर में मोटरसाइकिल अचानक उछल गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े। हादसे में काशीराम साहू को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी को भी चोट लगी है।
घायल काशीराम को तत्काल इलाज के लिए सिमगा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हथबंद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।











