हेमंत बघेल
सुकमा। जिले से संवेदनशीलता और सम्मान की मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है। शहीद डीएसएफ आरक्षक रामेश्वर नेगी के परिवार को पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। जवान की आकस्मिक मृत्यु के बाद विभाग ने यह राहत राशि उनके परिजनों को सौंपकर साथ निभाने का भरोसा दिया।

बताया गया कि 10 मई 2025 को एक दुर्घटना में आरक्षक रामेश्वर नेगी का निधन हो गया था। घटना के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा था। इसी बीच पुलिस विभाग ने आगे बढ़कर सहायता का हाथ बढ़ाया।
आज आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा तथा भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक प्रवीण झा ने शहीद की पत्नी सुनीता नेगी को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहीद जवानों का सम्मान और उनके परिवार की सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी है। यह सहायता न सिर्फ आर्थिक संबल है, बल्कि यह संदेश भी है कि जवानों के परिवार अकेले नहीं हैं — पूरा विभाग उनके साथ खड़ा है।











