हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र से महिला उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दहेज प्रताड़ना, मारपीट और दैहिक शोषण से परेशान पत्नी ने आखिरकार अपने पति की करतूतों का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2024 में विधि-विधान से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस संबंध में पीड़िता ने पूर्व में भी मामला दर्ज कराया था।
बाद में न्यायालय में चल रहे प्रकरण के दौरान दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और पति-पत्नी पुनः साथ रहने लगे। हालांकि, आरोपी का व्यवहार नहीं बदला और उसने फिर से पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने पत्नी की इच्छा के विरुद्ध जबरन अप्राकृतिक कृत्य करते हुए उसका दैहिक शोषण भी किया।
पीड़िता की दोबारा शिकायत पर चांपा थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा या शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।












