जांजगीर चांपा। विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना मुलमुला पुलिस द्वारा ग्राम तागा में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, नशा उन्मूलन और आगामी होली पर्व के मद्देनज़र शांति व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।

महिला कमांडो दल का गठन
ग्राम तागा में महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए महिला कमांडो दल का विधिवत गठन किया गया। इस दल में ग्राम की सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को शामिल कर उन्हें कानून व्यवस्था, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, नशा उन्मूलन अभियान तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। महिला कमांडो को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
नशा मुक्त ग्राम अभियान
ग्राम तागा को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ ग्रामीणों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं का प्रमुख कारण है। ग्रामीणों से अवैध शराब व मादक पदार्थों के सेवन एवं विक्रय का विरोध करने तथा इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
होली पर्व के मद्देनज़र शांति व्यवस्था
आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए महिला कमांडो दल एवं ग्राम रक्षा समिति के साथ संयुक्त पैदल पेट्रोलिंग की गई। संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
ग्राम रक्षा समिति की सहभागिता
ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को कानून व्यवस्था में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
सामुदायिक संवाद एवं सहयोग
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी पारस पटेल ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाने और सुरक्षित वातावरण के निर्माण हेतु सभी से सकारात्मक सहभागिता की अपील की गई।
इस प्रकार थाना मुलमुला पुलिस द्वारा ग्राम तागा में महिला सशक्तिकरण, नशा उन्मूलन और शांति व्यवस्था को लेकर प्रभावी एवं सराहनीय पहल की गई।











