हेमंत बघेल
कसडोल। विकासखंड कसडोल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला जोगीडीपा के प्राचार्य कंशराम ठाकुर पर लापरवाही का गंभीर आरोप सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 फरवरी को प्राचार्य स्कूल पहुंचे, लेकिन बच्चों को संकुल में मीटिंग होने का बहाना बताकर विद्यालय छोड़ अपने घर चले गए।

मामले को रिपोर्टर36 द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद भी अब तक कसडोल विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे दोनों अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर प्राचार्य पर इतनी मेहरबानी क्यों बरती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूलों में समय पर न आने तथा जल्दी चले जाने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई न होना शिक्षा व्यवस्था की लचर स्थिति को दर्शाता है। इससे नौनिहाल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर प्राचार्य के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो सके। वहीं मीडिया ने भी स्पष्ट किया है कि कार्रवाई होने तक खबर को लगातार प्रकाशित किया जाएगा।











