हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 31 मार्च 2026 को जांजगीर में महिला थाना का विधिवत शुभारंभ किया गया। बिलासपुर रेंज के IG रामगोपाल गर्ग द्वारा फीता काटकर नए महिला थाने का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान परिवार परामर्श से जुड़े काउंसलरों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और पारिवारिक विवादों के समाधान में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। IG ने काउंसलरों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समाज में पारिवारिक समरसता बनाए रखने में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर जिले की गठित महिला कमांडो टीम की भी प्रशंसा की गई। उनकी सक्रियता और उत्कृष्ट कार्यों को सराहते हुए पुलिस विभाग ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।

IG ने जिले के प्रेस प्रतिनिधियों से भी सौहार्दपूर्ण मुलाकात की और महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के साथ उन्हें सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान “संचार साथी” मोबाइल एप की जानकारी भी दी गई, जिसके माध्यम से नागरिक साइबर अपराधों से बचाव, संदिग्ध कॉल व मैसेज की शिकायत, मोबाइल ब्लॉक कराने सहित कई सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।
इसके साथ ही साइबर थाना जांजगीर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, तकनीकी संसाधनों और जांच प्रक्रिया का जायजा लिया गया। अधिकारियों को मामलों के त्वरित और पारदर्शी निराकरण तथा डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित प्रबंधन के निर्देश दिए गए। साइबर अपराधों से बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिले के गणमान्य नागरिकों को भी सम्मानित किया गया। समाज में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस मौके पर प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।












