जल संसाधन विभाग गिरौदपुरी के तत्वावधान में हुआ आयोजन, अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामीण हुए शामिल
हेमंत बघेल
कसडोल। सेवा संकल्प महोत्सव के उपलक्ष्य में जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग गिरौदपुरी द्वारा जल शक्ति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा ग्राम पंचायत भवन गिरौदपुरी से प्रारंभ होकर लोरिक बांध तालाब तक निकाली गई।

कलश यात्रा में जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान लोगों को जल के महत्व, जल संरक्षण और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। विभिन्न मार्गों से निकली इस यात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला।

आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए पानी के विवेकपूर्ण उपयोग और भविष्य के लिए जल स्रोतों को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर गिरौदपुरी सरपंच राजा राम पटेल, पंचगण ननकी मंडल पटेल, राकेश कुमार, महेश्वर पटेल, करण साहू, पंचायत सचिव धनसाय कैवर्त्य, रोजगार सहायक सुनील निराला, बद्री पटेल सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।










































