हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 300 मीटर लंबाई में सीमेंट कांक्रीट (CC) सड़क निर्माण कराया जाना है। निर्माण कार्य के चलते 25 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में गिधौरी से शिवरीनारायण होते हुए यात्रा करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के कारण जाम की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा ने जांजगीर-चांपा तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर आवश्यक यातायात व्यवस्था एवं रूट डायवर्सन के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया है।


पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी पत्र में बताया गया है कि गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग के 300 मीटर हिस्से में सीमेंट कांक्रीट निर्माण कार्य किया जाना है। उक्त मार्ग पर वाहनों का आवागमन अत्यधिक होने के कारण निर्माण कार्य के दौरान यातायात बाधित होने और जाम की स्थिति निर्मित होने की संभावना है।
इसी को ध्यान में रखते हुए 25 अगस्त से 25 सितंबर तक यातायात व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक पुलिस बल एवं वाहनों की व्यवस्था करने तथा सुगम यातायात के लिए रूट डायवर्सन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।
यात्रियों को होगी परेशानी
गिधौरी, शिवरीनारायण और आसपास के क्षेत्रों के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में करीब एक महीने तक निर्माण कार्य चलने से यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर लंबी दूरी के वाहन चालकों को यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को भी सूचना के लिए पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।
वाहन चालकों से अपील है कि निर्माण अवधि के दौरान संबंधित पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।










































