हेमंत बघेल
कसडोल।कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को कसडोल तहसील के ग्राम मल्दा में कार्रवाई करते हुए एक घर से तीन बड़े कार्टून दवाइयां जब्त की हैं। जब्त दवाइयों में लगभग 40 प्रकार की ब्रांडेड एवं एथिकल एलोपैथिक औषधियां शामिल हैं।

औषधि निरीक्षक के अनुसार, शिकायत के आधार पर टीम ने ग्राम मल्दा निवासी हरनारायण केवट के निवास स्थान पर जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार की दवाइयां मिलीं। टीम ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा नियम, 1945 के तहत फॉर्म-16 जब्ती पत्रक के माध्यम से तीन बड़े कार्टून दवाइयां जब्त कीं।
दो दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए
कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग प्रकार की दवाओं के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए लिए गए हैं। विभाग के अनुसार, जब्ती के बाद न्यायालय से अभिरक्षा प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में औषधि निरीक्षक नीलिमा, प्रियंका ध्रुव, प्रशिक्षु औषधि निरीक्षक गिरजाशंकर, नमूना सहायक अमृतलाल कोसले एवं आरक्षक आमिर कुमार राय मौजूद रहे।










































