हेमंत बघेल
पामगढ़। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पारिवारिक विवाद बना मासूम की मौत की वजह
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रेशम यादव की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और मारपीट चल रही थी, जिसके चलते उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि बेटा आयुष आरोपी के पास ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी आत्महत्या कर लेगा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पिता गिरफ्तार
बताया गया कि 13 मार्च की शाम आरोपी अपने बेटे आयुष को लेकर निकला और 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा नहर में उसे डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद रात करीब 2 बजे आरोपी पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पामगढ़ सावन सारथी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सावन सारथी थाना प्रभारी पामगढ़, सउनि संतोष बंजारे, रामदुलार साहू, प्रआर राजेश कोशले एवं भुवनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।











