हेमंत बघेल
बिलासपुर। शहर में इन दिनों एक शातिर उठाईगिरी गिरोह सक्रिय होने की सूचना सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोग खुद को क्राइम ब्रांच पुलिसकर्मी बताकर आम नागरिकों को झांसा दे रहे हैं और चेकिंग के नाम पर उनके गहने उतरवा कर फरार हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राह चलते लोगों को रोककर खुद को पुलिस अधिकारी बताते हैं और कहते हैं कि आगे सख्त पुलिस चेकिंग चल रही है। वे लोगों को डराकर सोने की चेन, अंगूठी जैसे कीमती आभूषण उतारकर सुरक्षित रखने का बहाना करते हैं और मौका मिलते ही गहनों के साथ फरार हो जाते हैं। हाल के दिनों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आई हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की चेकिंग के दौरान पुलिस आम नागरिकों से उनके पहने हुए गहने उतरवाकर अपने कब्जे में नहीं लेती है। यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस बताकर इस तरह की कार्रवाई करता है, तो वह संदिग्ध है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी अंजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि इस प्रकार की कोई घटना होती है या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो तुरंत नजदीकी थाना या चौकी में सूचना दें।
सावधानी ही सुरक्षा है — सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।











