हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा | जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोधना में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को आरोपी भोलाशंकर कश्यप (60 वर्ष) ने अपने ही रिश्तेदारी में आने वाली महिला निर्मला कश्यप पर टांगी से हमला कर दिया। घटना के समय महिला घर में अकेली थी।
प्रार्थी विशाल कश्यप जब घर लौटा, तो आरोपी ने उस पर भी टांगी से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे उसके हाथ में चोट आई। घर के अंदर जाकर देखने पर उसकी पत्नी निर्मला कश्यप बेहोश अवस्था में मिली, जिसके सिर में गंभीर चोट लगने से खून बह रहा था।
घायल महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल नवागढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य संकलन एवं गवाहों के बयान लेने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त टांगी भी जब्त की गई।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 331(7) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे एवं नवागढ़ थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।












