हेमंत बघेल
जांजगीर | सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट कर पैसे की मांग करने वाले दो आरोपियों को सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) निवासी पाली नैला और शिवम भवानी (19 वर्ष) निवासी पाली नैला बताए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को आरोपियों ने दोस्ती के नाम पर प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद दिसंबर 2025 से उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम की अलग-अलग आईडी से प्रार्थी और उसके रिश्तेदारों को भेजे जा रहे थे। साथ ही आरोपियों द्वारा 70 हजार रुपये की मांग की जा रही थी और रकम नहीं देने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साइबर तकनीकी सहायता से इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई गई। जांच में मोबाइल नंबर धारकों की पहचान प्रेम कुमार सूर्यवंशी और शिवम भवानी के रूप में हुई।

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों—पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे—को दी गई। उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने ग्राम पाली नैला में दबिश देकर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान पहले आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से घटना में इस्तेमाल 2 मोबाइल जब्त किए और उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।












