संतोष यादव
जगदलपुर/दरभा | क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूलों सहित शासकीय पूर्व माध्यमिक शालाओं में संचालित मध्याह्न भोजन योजना में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों को शासन द्वारा निर्धारित मेनू चार्ट के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी पोषण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि कई स्कूलों में तय दिन के अनुसार भोजन नहीं मिल रहा है। बच्चों को बार-बार एक जैसा या अधूरा भोजन परोसा जा रहा है, जबकि गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भोजन वितरण का जिम्मा संभाल रहे स्थानीय महिला समूह द्वारा लंबे समय से अनियमितताएं की जा रही हैं। मेनू चार्ट का पालन नहीं होना और पोषण मानकों की अनदेखी, योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रही है।
इस संबंध में जब स्वामी आत्मानंद स्कूल के शिक्षकों से चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निर्धारित मेनू चार्ट के अनुसार ही भोजन तैयार किया जाता है। हालांकि, जमीनी स्तर पर स्थिति इससे अलग नजर आ रही है।
स्वामी आत्मानंद स्कूल की शिक्षिका अंजली उपाध्याय ने जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष बच्चों के लिए चावल की आपूर्ति कम हुई है। उन्होंने बताया कि मध्याह्न भोजन के लिए जो चावल उपलब्ध कराया जा रहा है, उसी से सभी बच्चों को भोजन दिया जा रहा है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन मिल सके।












