हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा | जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, जबरन शादी और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले की जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी प्रमोद निराला (21 वर्ष), निवासी अमरताल, थाना अकलतरा, पिछले तीन वर्षों से पहचान का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस दौरान पीड़िता के नाबालिग होने के बावजूद आरोपी ने उससे शादी कर ली।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लगातार उसके साथ प्रताड़ना करता रहा। 31 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी ने शराब के नशे में डंडे से मारपीट की, जिससे उसके हाथ, कोहनी और घुटने में चोटें आईं।
घटना की सूचना पीड़िता द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 में दिए जाने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं POCSO एक्ट की धारा 4 और 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में अकलतरा थाना पुलिस टीम के भास्कर शर्मा, स्वाति गिरोलकर, आरक्षक महेंद्र राज एवं गौकरण राय का विशेष योगदान रहा।












