हेमंत बघेल
गिरौदपुरी। क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने पर एक युवती ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका का आरोपी अजय टंडन (उम्र 31 वर्ष), निवासी ग्राम बलौदा (हसुवा) थाना गिधौरी, के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर उससे संबंध स्थापित किया, लेकिन बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
दिनांक 25 जनवरी 2026 को युवती ने आरोपी को अपने घर ग्राम गिरौदपुरी बुलाकर शादी के लिए कहा। इस दौरान आरोपी के मना करने से आहत होकर युवती ने अपनी कलाई काट ली और कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों द्वारा युवती को पहले कसडोल और फिर चंदा देवी तिवारी अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 1 फरवरी 2026 को उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की जांच के दौरान मर्ग क्रमांक 12/2026 के तहत पंचनामा एवं गवाहों के बयान लिए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी के व्यवहार से क्षुब्ध होकर युवती ने यह कदम उठाया। इसके आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 77/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में चौकी गिरौदपुरी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 30 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।












