हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते और मोबाइल सिम साइबर ठगों को उपलब्ध कराने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन खातों में देश के विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की रकम पहुंची है और इनके माध्यम से लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के लेनदेन का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कई राज्यों से मिली थीं शिकायतें
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान इन बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, असम, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से इन खातों के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न बैंकों में अपने नाम से खाते खुलवाते थे और अपने नाम पर नए मोबाइल सिम जारी कराकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, कमीशन की रकम 10 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक बताई गई है।
एक खाते में कई बार दर्ज हुईं शिकायतें
पुलिस के मुताबिक, संबंधित खातों में साइबर ठगी की रकम पहुंचने के बाद करोड़ों रुपये तक के लेनदेन की जानकारी मिली है। कुछ खातों के संबंध में पांच या उससे अधिक बार शिकायतें दर्ज हुई थीं, जबकि कुछ खातों को लेकर 14 से 15 बार तक रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन खातों में ठगी की रकम की पहली परत यानी लेयर-1 में राशि प्राप्त हुई थी।
इस मामले में थाना साइबर में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4), 323 तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
बलौदाबाजार जिले के आरोपी समेत 8 गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम कुम्हारी निवासी लक्ष्मीनारायण पटेल भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
कलेशराम देवांगन उर्फ छोटू, उम्र 38 वर्ष, निवासी भाठापारा सिवनी, थाना चांपा।
श्यामलाल देवांगन उर्फ राजू, उम्र 34 वर्ष, निवासी भाठापारा सिवनी, थाना चांपा।
लक्ष्मीनारायण पटेल, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा।
वेमेश आदित्य, उम्र 38 वर्ष, निवासी बुधवारी बाजार, जांजगीर।
ज्योति बाई यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी बनारी डीहपारा, जांजगीर।
सुरेश कुमार गढ़ेवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम पाली, थाना चांपा/नैला क्षेत्र।
अनिल राठौर, उम्र 29 वर्ष, निवासी चंदनिया पारा, जांजगीर।
इश्तेखार अहमद, उम्र 29 वर्ष, निवासी खड़पड़ीपारा, जांजगीर।
खातों में लाखों रुपये होल्ड
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा कमीशन के लालच में अपने बैंक खातों और नए मोबाइल नंबरों को साइबर ठगों को उपलब्ध कराने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों से बैंक पासबुक जब्त की हैं। संबंधित खातों में लाखों रुपये की राशि होल्ड कराई गई है। इस राशि की वापसी के संबंध में संबंधित राज्यों को सूचना भेजी गई है।
क्या होता है म्यूल बैंक खाता?
म्यूल बैंक खाता ऐसा बैंक खाता होता है, जिसका इस्तेमाल दूसरे लोगों की अवैध कमाई या साइबर ठगी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने और आगे भेजने के लिए किया जाता है। कई बार खाताधारक कमीशन या किराए के लालच में अपना खाता, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम दूसरे लोगों को दे देते हैं। ऐसे खातों में ठगी की रकम आने पर खाताधारक भी पुलिस जांच के दायरे में आ सकते हैं और परिस्थितियों के अनुसार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस की अपील: बैंक खाता और सिम किसी को न दें
जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या अपने नाम पर जारी मोबाइल सिम किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। कमीशन के लालच में ऐसा करना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। पुलिस ने नागरिकों से साइबर ठगों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित पुलिस थाने को देने की अपील की है।










































