हेमंत बघेल
कसडोल। आदर्श स्कूल शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोट में संकुल केंद्र अंतर्गत विद्यालयों के बच्चों द्वारा वार्षिक उत्सव के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।

बच्चों की अनुशासनबद्ध प्रस्तुति, आत्मविश्वास और कला कौशल देखने योग्य रहा। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में तैयार की गई इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सराहना की।











