बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। हादसा ग्राम दरचुरा के पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रक से टकरा गई।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस क्रमांक CG 04 NM 0859 में कुल 22 लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस ने सड़क पर खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मारी। खराब ट्रक के पास सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाए गए थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गैस कटर से निकाले गए फंसे यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त बस में कुछ यात्री फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की मदद ली गई। घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा था। पुलिस और बचाव दल राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
हादसे के कारणों की जांच

प्रारंभिक जानकारी में खड़े ट्रक के पीछे से बस की टक्कर होना सामने आया है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।










































