हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। पुलिस द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम के तहत KHAKI TALKS कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम के तहत लाइव रहकर विभिन्न विषयों जैसे साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता, बाल अपराध, महिला अपराध आदि विभिन्न अधिनियमों के संबंध में जानकारी लगातार दिया जा रहा है।

इसी कड़ी में छठवें एपिसोड के तहत आज दिनांक 07.02.2026 दिन शनिवार दोपहर 02.00 बजे से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस फेसबुक पेज के माध्यम से लाइव रहकर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा यातायात नियमों का पालन तथा वाहनों से खतरनाक स्टंट करने वाले नाबालिक बालको एवं छात्रों में जागरूकता के सम्बन्ध में व्याख्यान दिया गया। इस दौरान Balodabazar police Facebook पेज को फॉलो एवं लाइक कर लोग यातायात जागरूकता संबंधी लाइव KHAKI TALKS कार्यक्रम के सहभागी बने।

विगत कुछ दिनों से कसडोल क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्कूलों में नाबालिग बालकों एवं छात्रों का चारपहिया एवं बाईक आदि में खतरनाक स्टंट करते हुए विभिन्न वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए हैं। उक्त सभी वीडियो को मुख्य विषय के रूप में चयनित करते हुए भावना गुप्ता द्वारा KHAKI TALKS के माध्यम से बताया गया कि सोशल मीडिया में रील आदि को देखकर, स्कूलों के छात्र एवं नाबालिग बालक ऐसे खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। यह उनके लिए अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है, थोड़ी सी भी गलती उनके लिए जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए स्कूल के प्राचार्य एवं पालकगण सदैव छात्रों एवं अपने बालकों को यातायात नियमों की जानकारी प्रदान करें ऐसे किसी भी कृत्य के लिए उन्हें संभावित खतरे के प्रति लगातार आगाह करें।
विशेष कर पालक, अपने नाबालिक बच्चों को किसी भी प्रकार से स्पीड बाइक या अन्य कोई वाहन आदि चलाने ना दें। ऐसा कोई भी खतरनाक स्टंट यातायात नियमों की उल्लंघन की श्रेणी में आता है, जिसके लिए संबंधित वाहन चालक एवं वाहन मालिक के अतिरिक्त नाबालिग बालकों के परिजनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के परिजन अपने बच्चों की नियमित रूप से निगरानी करें, उन्हें अच्छे बुरे के बारे में जानकारी दें, जिससे बच्चे एवं छात्र यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहे एवं नियमों का पालन करें।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं संजय साहू उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दिया गया। साथ ही नाबालिक बालको एवं छात्रों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन पर की जाने वाली कार्यवाही एवं विभिन्न अधिनियमों के संबंध में भी विस्तार पूर्वक बताया गया। लाइव कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद स्कूल सिमगा, पलारी, लवन सहित कई स्कूल एवं संस्थाओं के बच्चे एवं अन्य नागरिक सहित आनलाइन हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए तथा उनके द्वारा संपूर्ण ऑनलाइन लाइव कार्यक्रम की सराहना की गई।











