संग्राम सिंह राणा/जगदलपुर
जगदलपुर। नगर पालिका निगम जगदलपुर द्वारा शहर के प्रमुख इतवारी बाजार स्थित मल्टी व्यावसायिक परिसर (कॉम्प्लेक्स) की कुल 80 दुकानों के आवंटन हेतु घोष विक्रय (नीलामी) के लिए बंद लिफाफा पद्धति से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। यह प्रक्रिया महापौर संजय पांडे एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के निर्देश तथा आयुक्त प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में जारी की गई है।

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार इच्छुक आवेदक 04 फरवरी 2026 से 26 फरवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में निगम के राजस्व शाखा कार्यालय से कोरा निविदा प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
मोहरबंद निविदाएं केवल स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 03 मार्च 2026 को अपरान्ह 4:00 बजे तक आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त निविदाओं को उसी दिन अपरान्ह 4:30 बजे उपस्थित निविदादाताओं एवं उनके अधिकृत प्रतिनिधियों के समक्ष खोला जाएगा।

राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने बताया कि कॉम्प्लेक्स में दुकानों का आकार इस प्रकार है —
9.8 वर्ग मीटर : 4 दुकानें
11.9 वर्ग मीटर : 12 दुकानें
18.5 वर्ग मीटर : 16 दुकानें
23.36 वर्ग मीटर : 48 दुकानें
दुकानों का आवंटन अनारक्षित, विधवा/परित्यक्ता, महिला, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, शिक्षित बेरोजगार, दिव्यांग तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रेणियों के आरक्षण प्रावधानों के तहत किया जाएगा।

नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी नगर निगम के राजस्व शाखा कार्यालय तथा निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर कार्यालयीन समय में उपलब्ध रहेगी।











