हेमंत बघेल
जांजगीर–चांपा। डीजल चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में बलौदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बलौदा के अपराध क्रमांक 39/2026 में पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही रजनीश रात्रे (खिसोरा खमदाई पारा) और जयनारायण केवट (बलौदा) को 28 जनवरी 2026 को तथा सूरज कुर्रे (खिसोरा) को 4 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका था। जबकि मुख्य आरोपी वीर कुमार रात्रे (खिसोरा) घटना के दिन से फरार था।
16 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ 28 जनवरी की रात ग्राम कटरा जंगल के पास खड़ी ट्रेलर से स्कॉर्पियो वाहन में करीब 140 लीटर डीजल चोरी करना कबूल कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक सुनील टैगोर तथा आरक्षक टिकेश्वर राठौर, संतोष रात्रे और रज्जू रात्रे की सराहनीय भूमिका रही।











