हेमंत बघेल
पलारी। आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए शुरू किए गए “समाधान सेल” का असर अब दिखने लगा है। समाधान सेल में मिली सूचना के आधार पर पलारी पुलिस ने अवैध शराब बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में “समाधान सेल” योजना संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के जरिए आपराधिक गतिविधियों की सूचना दे सकता है। इस माध्यम से लगातार अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 16 फरवरी 2026 को समाधान सेल में मिली सूचना पर थाना पलारी पुलिस टीम ने बालसमुंद तालाब पार पुलिया के पास घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से ₹3500 मूल्य की 35 पाव देशी मसाला शराब जप्त की है।
पकड़ा गया आरोपी:
ईश्वर देवार (29 वर्ष), निवासी ग्राम छेरकापुर, थाना पलारी
आरोपी के विरुद्ध थाना पलारी में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत “समाधान सेल” में दें, आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।











