हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 की शुरुआत जिले में 20 एवं 21 फरवरी से होने जा रही है। इस वर्ष जिले के लगभग 27,260 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं के 16,187 एवं कक्षा 12वीं के 11,073 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा समय सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के पांचों विकासखंड में कुल 119 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
नकल पर रोक लगाने और परीक्षा की निगरानी के लिए जिला, अनुभाग एवं विकासखंड स्तर पर कुल 12 उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं, जो लगातार निरीक्षण करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने बताया कि परीक्षा सामग्री का वितरण शुरू हो चुका है। सोमवार को बलौदाबाजार और कसडोल के केंद्राध्यक्षों को सामग्री दी गई, जबकि मंगलवार को पलारी, भाटापारा और सिमगा विकासखंड में वितरण किया जाएगा। विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र उनके स्कूलों से मंगलवार से मिलना शुरू होगा।
प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की है।











