हेमंत बघेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पुत्र की मौत से आहत एक दंपत्ति ने आत्महत्या कर ली। दोनों ने अपने ही घर के पीछे नीम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

मामला जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत राहौद चौकी के ग्राम धरदाई का है। यहां रहने वाले कृष्ण कुमार पटेल और उनकी पत्नी रमाबाई पटेल ने अपने घर की बाड़ी में नीम पेड़ की डाली से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पंचनामा कार्रवाई के दौरान कृष्ण कुमार पटेल की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया। नोट में दंपत्ति ने अपने पुत्र आदित्य की मौत से गहरे दुखी और मानसिक रूप से व्यथित होने की बात लिखी है। इसी सदमे में उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाने की बात कही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। सुसाइड नोट को भी जांच में शामिल किया गया है।
एक ही परिवार में हुए इस दोहरे आत्महत्या कांड से पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है











