हेमंत बघेल
कसडोल। थाना क्षेत्र अंतर्गत कटगी नेशनल हाईवे 130-बी पर मंगलवार शाम लगभग 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार गोपाल कौशल (निवासी आरंग-भिलाई) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैप्सूल वाहन अचानक अनियंत्रित होकर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची और कैप्सूल वाहन सहित चालक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।











